दिव्यांगजनों के लिए नई पहल: डायट परिसर में 'सहज अध्ययन केन्द्र' का शुभारंभ

दिव्यांगजनों के लिए नई पहल: डायट परिसर में 'सहज अध्ययन केन्द्र' का शुभारंभ

Jul 25, 2025 - 17:45
 0  27
दिव्यांगजनों के लिए नई पहल: डायट परिसर में 'सहज अध्ययन केन्द्र' का शुभारंभ

इटावा-जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में 24 जुलाई 2025 को दिव्यांगजनों के लिए 'सहज अध्ययन केन्द्र' का भव्य शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी सुभ्रान्त शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, प्राचार्य डायट प्रेमपाल सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी लक्ष्मीकान्त त्रिपाठी सहित शिक्षा विभाग और समेकित शिक्षा से जुड़े कई अधिकारी एवं विशेष शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

 

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जनपद में स्थापित यह सहज अध्ययन केन्द्र, प्रदेश का एक अनूठा प्रयास है जहाँ मूकबधिर, दृष्टिबाधित, मानसिक मंदित, शारीरिक दिव्यांग और आटिज्म से ग्रसित बच्चों के लिए शैक्षिक व व्यावहारिक प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही अभिभावकों के लिए भी प्रशिक्षण व काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है जिससे वे घर पर भी बच्चों को सहयोग कर सकें।

इस केन्द्र में ब्रेल पुस्तकें, श्रव्य सामग्री, सरल भाषा में पाठ्य सामग्री, रैम्प और सहायक उपकरण जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। यह केन्द्र न केवल शिक्षा को सुलभ बनाता है बल्कि समावेशी और समान अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे दिव्यांग बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे मुख्य शिक्षा धारा से बेहतर रूप से जुड़ सकेंगे।

 

जिला समन्वयक अर्चना सिन्हा और रिसोर्स टीचर प्रहलाद कुमार ने बताया कि केन्द्र के माध्यम से विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) को स्पेशल एजुकेशन, दैनिक जीवन की गतिविधियाँ (ADL), व्यवहार सुधार, गेट ट्रेनिंग और पेरेंट काउंसलिंग जैसी सेवाएं दी जाएंगी। यह केन्द्र विशेष रूप से दृष्टिहीन, श्रवणबाधित व शारीरिक रूप से असमर्थ बच्चों की शैक्षिक ज़रूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। जल्द ही जनपद के अन्य विकास खण्डों में भी ऐसे केन्द्रों की स्थापना के प्रयास किए जाएंगे।

इस अद्भुत और सराहनीय पहल पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी की विशेष प्रशंसा की और इसे समावेशी शिक्षा की दिशा में मील का पत्थर बताया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0