दिव्यांग बच्चों की प्रतिभाएं अद्भुत: कुलपति डॉ. अजय सिंह
इटावा। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर 26 जनवरी 2026 को स्पर्श अंध विद्यालय, पक्का तालाब, इटावा में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान संस्थान एवं मेडिकल साइंसेज (सैफई पीजीआई) की ओर से दिव्यांग बच्चों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक गणतंत्र दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की प्रतिभाएं वास्तव में अद्भुत और प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह के साथ प्रतिकुलपति प्रो. डॉ. रमाकान्त, कुल सचिव दीपक वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.पी. सिंह, संकाय अध्यक्ष डॉ. आदेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित सिंह, चीफ प्रॉक्टर विजय मिश्रा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कुलभूषण अग्रवाल, मीडिया समन्वयक डॉ. प्रीति सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे। गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिव्यांग बच्चों के साथ ध्वजारोहण किया गया। विद्यालय के संचालक राजकिशोर गुप्ता ने दृष्टिबाधित बच्चों को मिलने वाली शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी। कुलपति ने विद्यालय की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
विद्यालय में अध्ययनरत गोल्डी, नैतिक, सोनम, सूरजीत, अर्पित और गगन द्वारा देशभक्ति गीत एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किए गए, जिसे उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा। इसी दौरान गगन नामक दृष्टिबाधित छात्र ने ब्रेल लिपि में कुलपति का नाम लिखकर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। बच्चों की प्रतिभा देखकर मेडिकल टीम के सदस्य भावविभोर हो गए।
दृष्टिबाधित बच्चों के शिक्षण में प्रयुक्त विशेष उपकरणों एवं प्रशिक्षण विधियों की जानकारी जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अर्चना सिन्हा द्वारा, स्पेशल एजुकेटर रामकुमार यादव के माध्यम से दी गई। सैफई मेडिकल टीम द्वारा बच्चों को स्वल्पाहार, मिष्ठान एवं शिक्षण सामग्री वितरित की गई तथा भविष्य में बच्चों के लिए मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित करने का भी आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में प्रहलाद कुमार, अनिल कुमार, अवधेश सिंह, अनिता वर्मा, साधना मिश्रा, अवधेश कुमार (स्पेशल एजुकेटर), नीरा सक्सेना एवं जगदीश गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0