कानपुर गैंगरेप केस: चलती स्कॉर्पियो में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, दरोगा फरार, पत्रकार गिरफ्तार
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में नाबालिग से चलती स्कॉर्पियो में सामूहिक दुष्कर्म का आरोप। मुख्य आरोपी दरोगा फरार, पत्रकार गिरफ्तार, थाना प्रभारी सस्पेंड।
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसने कानून-व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सचेंडी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ चलती स्कॉर्पियो कार में सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है।
इस मामले में मुख्य आरोपी के रूप में भीमसेन चौकी प्रभारी दरोगा अमित मौर्या का नाम सामने आया है, जिस पर एक कथित पत्रकार के साथ मिलकर अपराध करने का आरोप है। पुलिस ने दूसरे आरोपी शिवबरन (कथित पत्रकार) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नामजद दरोगा की तलाश जारी है।
शौच के लिए निकली थी किशोरी, जबरन गाड़ी में बैठाने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे वह शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया। आरोप है कि दोनों आरोपी किशोरी को रेलवे ट्रैक के पास एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां करीब दो घंटे तक कार के अंदर ही उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। शोर बाहर न जाए, इसके लिए वाहन के शीशे बंद रखे गए। घटना के बाद आरोपी किशोरी को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गए।
प्रारंभिक कार्रवाई में लापरवाही, थाना प्रभारी निलंबित
मामले के सामने आने के बाद यह भी आरोप लगे कि शुरुआत में पुलिस स्तर पर गंभीरता नहीं बरती गई और पॉक्सो एक्ट की धाराएं तत्काल नहीं जोड़ी गईं। इस लापरवाही को देखते हुए सचेंडी थाना प्रभारी विक्रम सिंह को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, आरोपी दरोगा अमित मौर्या को भी तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
चार विशेष टीमें गठित, आरोपी दरोगा फरार
पुलिस ने फरार दरोगा की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। मामले की निगरानी वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर का बयान
कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कहा कि नाबालिग से जुड़े इस बेहद संवेदनशील मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपी पुलिसकर्मी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद कानपुर में जनआक्रोश देखने को मिल रहा है। लोग पुलिस व्यवस्था में सुधार और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0