बरेली पुलिस की बड़ी कामयाबी: 2 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 2 किलो से ज्यादा चरस के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। लखीमपुर बॉर्डर से होती थी नशे की सप्लाई, हाईवे पर बेचा जाता था चरस। पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच।
बरेली – फतेहगंज पूर्वी थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को दो अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 2 किलो 33 ग्राम चरस, दो मोबाइल फोन और एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है।
गुप्त सूचना पर दबिश, तस्कर रंगे हाथ गिरफ्तार
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ग्राम नखी सिंधवा पुलिया के पास दो संदिग्ध युवक चरस के साथ मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और नरवीर यादव (23) तथा पूरन (29) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी शाहजहांपुर के थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र के निवासी हैं।
लखीमपुर बॉर्डर से होती थी सप्लाई, हाईवे पर होती थी बिक्री
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे यह चरस लखीमपुर बॉर्डर से लाते हैं और हाईवे पर ट्रक चालकों व यात्रियों को बेचते हैं, जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा मिलता है। बरामद मोटरसाइकिल का पंजीकरण नरवीर यादव के नाम पर है, जिसका इस्तेमाल तस्करी में किया जाता था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18/20 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह तस्करी गिरोह किन-किन अन्य इलाकों में सक्रिय है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0