गोंडा में स्कूल मर्जर नीति पर बवाल, ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़कर किया विरोध
गोंडा जिले के तेलियानी उपाध्याय गांव में ग्रामीणों ने स्कूल मर्जर नीति के विरोध में विद्यालय में ताला लगाकर प्रदर्शन किया। प्रशासन द्वारा दूसरे गांव के बच्चों को बिना सूचना भेजे जाने पर भड़के ग्रामीण, BEO को मौके पर झुकना पड़ा।
गोंडा, उत्तर प्रदेश – सरकार की परिषदीय विद्यालयों को मर्ज करने की नीति के विरोध में पण्डरी कृपाल क्षेत्र के तेलियानी उपाध्याय गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को प्राथमिक विद्यालय में ताला जड़ दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। दूसरी ग्राम पंचायत से बच्चों को मर्ज कर लाए जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में टीचर्स व बच्चों के प्रवेश पर रोक लगा दी।
बिना सूचना के स्कूल मर्जर पर भड़के ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना के तुलसीपुर प्राथमिक विद्यालय के 11 बच्चों को तेलियानी उपाध्याय स्कूल में अटैच कर दिया, जो उनके ग्रामसभा से लगभग दो किलोमीटर दूर है।
प्रधान प्रतिनिधि पीर मोहम्मद ने कहा कि यह न सिर्फ शासनादेश का उल्लंघन है, बल्कि छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है। शासन का स्पष्ट आदेश है कि बच्चों को उसी ग्राम पंचायत में बने दूसरे स्कूल में अटैच किया जाए, लेकिन प्रशासन ने इसे नजरअंदाज कर दिया।
ग्रामीणों ने कहा: हमारी ग्रामसभा को कचरा डंपिंग जोन नहीं बनने देंगे
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों – मुरली, रामशंकर, राम किशोर, पवन कुमार, हरिओम आदि ने कहा कि अगर प्रशासन अपनी जिद पर अड़ा रहा, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों का सवाल था कि यदि अन्य स्कूलों में छात्र नहीं हैं, तो उसके लिए तेलियानी उपाध्याय ही क्यों चुना गया?
ग्रामीणों के आगे झुके खंड शिक्षा अधिकारी
विवाद बढ़ता देख खंड शिक्षा अधिकारी शशांक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों की नाराज़गी इतनी तीव्र थी कि उन्हें भी पसीना-पसीना होना पड़ा। अंततः प्रशासन को पीछे हटना पड़ा और मर्ज किए गए बच्चों को फिर से उनके पुराने स्कूल भेज दिया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी की सफाई
BEO शशांक कुमार सिंह ने बताया:
“तुलसीपुर स्कूल में सिर्फ 11 छात्र हैं, इसलिए शासन के निर्देशानुसार बच्चों को अटैच किया गया था। लेकिन ग्रामसभा के विरोध के कारण उन्हें फिलहाल उनके मूल विद्यालय वापस भेज दिया गया है।”
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0