युवाओं के उत्साह से दमक उठा एस.ए.वी. इंटर कॉलेज, खेलों में छाए प्रतिभागी
युवाओं के उत्साह से दमक उठा एस.ए.वी. इंटर कॉलेज, खेलों में छाए प्रतिभागी
भरथना। एस.ए.वी. इंटर कॉलेज, भरथना के क्रीड़ा प्रांगण में बुधवार को “तहसील युवक समारोह 2025” का आयोजन बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष हरिश्चंद्र पांडे रहे।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात प्रधानाचार्य डॉ. शैलेंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत पटका पहनाकर, बैज लगाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं — दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, भाला फेंक, चक्का फेंक एवं गोला फेंक — का आयोजन किया गया।
ये प्रतियोगिताएं अंडर-19, अंडर-17 और अंडर-14 वर्गों में बालक एवं बालिका श्रेणियों के लिए आयोजित हुईं। प्रतियोगिता में एस.ए.वी. इंटर कॉलेज भरथना, लोकमान्य रूरल इंटर कॉलेज महेवा, प्रकाश इंटर कॉलेज भरथना, बिहारी जी इंटर कॉलेज अहरीपुर, जनता इंटर कॉलेज बकेवर एवं एस.डी.डी. इंटर कॉलेज सलेमपुर के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एस.ए.वी. इंटर कॉलेज भरथना ने 1500 मीटर (अंडर-19) एवं 800 मीटर (अंडर-17) वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में लोकमान्य रूरल इंटर कॉलेज महेवा विजेता रहा, और अंडर-19 बालिका वर्ग में जनता इंटर कॉलेज बकेवर की छात्रा शालिनी ने गोला फेंक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम संयोजक के रूप में क्रीड़ा शिक्षक जगदीश चंद्र गौतम का निर्देशन सराहनीय रहा। निर्णायक मंडल में श्री मनोज यादव, अभिषेक, बृजेश चंद्र रावत एवं हिंद लाल मौर्य शामिल रहे। अन्य अतिथियों में आयुषी श्रीवास्तव, अंकित सिंह एवं महेंद्र यादव उपस्थित रहे। निर्णय लेखा सदस्य के रूप में जयप्रकाश, सुल्तान सिंह, कैलाश शंकर दुबे एवं खुशी नाथ गुप्ता ने सक्रिय योगदान दिया।
मंच संचालन का कार्य संगीत शिक्षक आशुतोष सिंह ने किया, जबकि वरिष्ठ लिपिक हृदयेश यादव का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों की सक्रिय उपस्थिति रही, जिससे समारोह को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सका।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0