बस्ती में ज़मीन विवाद ने ली मासूम की जान, 13 वर्षीय बालिका की निर्मम हत्या
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में जमीनी विवाद के चलते हुए खूनी संघर्ष में 13 वर्षीय बालिका की चाकू से हत्या, तीन परिजन गंभीर रूप से घायल। घटना के बाद गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात।
बस्ती (उत्तर प्रदेश): जनपद के पैकोलिया थाना क्षेत्र स्थित जीतीपुर ग्राम पंचायत के लालापुरवा गांव में जमीनी विवाद ने भयावह रूप ले लिया। मामूली भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में 13 वर्षीय बालिका परी श्रीवास्तव की बेरहमी से चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। इस हमले में परी के पिता सहित तीन अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
यह दर्दनाक घटना पूरे गांव के साथ-साथ जिले भर में सनसनी का कारण बन गई है। शुक्रवार को हर्रैया तहसील की राजस्व टीम ने विवादित भूमि की पैमाइश और सीमांकन की कार्यवाही पूरी की थी, जिसके बाद परी के पिता अतुल श्रीवास्तव ने भूमि पर मिट्टी डलवानी शुरू की थी। इसी दौरान विपक्षी पक्ष — दूधनाथ वर्मा और अमरनाथ वर्मा — ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अतुल श्रीवास्तव के परिवार पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल हुई बालिका परी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने परसा-परसरामपुर मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
मौके पर सीओ संजय सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं सीओ सदर सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि मृतका के परिजनों की तहरीर पर हत्या, षड्यंत्र और हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तीन पुरुष और दो महिलाओं को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस पिकेट तैनात कर दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0