मिर्जापुर में फोरलेन पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात कार की टक्कर से शिक्षक की मौत
मिर्जापुर के रामबाग फोरलेन पर एक अज्ञात कार की टक्कर से 30 वर्षीय शिक्षक शुभम सिंह की मौत हो गई। वे पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिर्जापुर। जिले के रामबाग फोरलेन हाईवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवा शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। चुनार निवासी शुभम सिंह (30 वर्ष) को एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल वाराणसी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तेल भरवाने के बाद घर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुभम सिंह, पुत्र बांके बिहारी सिंह, चुनार के चचरी मोड़ मोहल्ले के निवासी थे। वे चुनार स्थित डॉ. सविता मेमोरियल ग्लोबल एकेडमी में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे और मंगलवार रात ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने समसपुर पेट्रोल पंप से बाइक में ईंधन भरवाया। जैसे ही वे रामबाग स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे, एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और परिजनों को सूचित किया। शुभम को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घर में इकलौता बेटा था शुभम, मातम में डूबा परिवार
शुभम परिवार में दो बहनों के बीच इकलौता बेटा था। अभी उनका विवाह नहीं हुआ था और दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। बेटे की असमय मृत्यु से मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
चुनार कोतवाली प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि हादसा रामबाग रेलवे क्रॉसिंग के पास बन रहे ओवरब्रिज के करीब हुआ, जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस द्वारा फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी कार व चालक की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0