फाटक बंद होने से शहर दो हिस्सों में बंटेगा? DRM के सामने उठी आवाज
भरथना : उत्तर मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के भरथना दौरे के दौरान व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत कर अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें रखीं।
इस अवसर पर भरथना रेलवे ग्रुप के पदाधिकारियों सहित उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष संतोष चौहान, जिला महामंत्री सुनील चौहान, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र चौहान, महेवा अध्यक्ष अनिल भदौरिया, प्रदीप पोरवाल, विवेक पोरवाल, रवि पोरवाल, अभिनव दीक्षित तथा श्याम मित्र मंडल के पदाधिकारी विनोद यादव, अतुल पोरवाल और रामजी तोमर मौजूद रहे। रेलवे ग्रुप से देवाशीष चौहान अपने साथियों के साथ उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि तिलक रोड स्थित रेलवे फाटक संख्या 20बी पर फिलहाल फुट ओवरब्रिज प्रस्तावित है, जबकि कस्बा भरथना के बीचों-बीच रेलवे लाइन गुजरने से नगर दो भागों में बंट गया है। रेलवे लाइन के दक्षिणी क्षेत्र में स्थित राजागंज, मोतीगंज, कल्याण नगर, बाजपेई नगर, यादव नगर, नगला पूठ सहित ग्राम कुंवरा के ब्लॉक कार्यालय और मोढ़ी क्षेत्र के लोगों को मुख्य बाजार पहुंचने के लिए तिलक रोड रेलवे क्रॉसिंग पार करनी पड़ती है। यह मार्ग भरथना-बकेवर रोड से जुड़ा प्रमुख रास्ता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। व्यापारियों ने बताया कि नगर में पहले से एक ओवरब्रिज मौजूद है, जो भरथना-इटावा रोड को जोड़ता है, लेकिन उसकी दूरी करीब दो किलोमीटर है। साथ ही मार्ग ऊबड़-खाबड़ होने के कारण छोटे वाहनों के लिए आवागमन कठिन है और भारी वाहनों की अधिक आवाजाही से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि यदि तिलक रोड रेलवे फाटक बंद कर दिया गया तो करीब 100 मीटर की दूरी तय करने के लिए लोगों को लगभग दो किलोमीटर घूमकर जाना पड़ेगा। इससे समय और ईंधन की बर्बादी होगी तथा स्थानीय व्यापार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इस पर डीआरएम ने कहा कि जहां फुट ओवरब्रिज प्रस्तावित है, उस स्थान का पीडब्ल्यूडी टीम से पुनः परीक्षण कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पर निर्णय लिया जाएगा। यदि तकनीकी रूप से संभावना बनी तो इस दिशा में उचित कदम उठाए जाएंगे। बताते चलें कि फुट ओवरब्रिज के स्थान पर ओवरब्रिज बनाए जाने की मांग को लेकर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अजय यादव ‘गुल्लू’ के प्रतिनिधि कुछ समय पूर्व प्रयागराज जाकर भी डीआरएम से मुलाकात कर चुके हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0