अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर स्टेंटोरियन फाउंडेशन ने किया भव्य योग शिविर और वृक्षारोपण का आयोजन
स्टेंटोरियन फाउंडेशन ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 पर जसवंतनगर (इटावा) के सिद्धार्थ महाविद्यालय में योग सत्र व वृक्षारोपण कर स्वस्थ जीवन व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में नीम और आम के पौधे लगाए गए।
जसवंतनगर (इटावा) – अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्टेंटोरियन फाउंडेशन द्वारा सिद्धार्थ महाविद्यालय, लुधपुरा परिसर में एक भव्य योग शिविर और वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, ग्रामीण और नगर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत योग एवं ध्यान विशेषज्ञ श्री आशीष कुमार, योग गुरु हेमू शाक्य और बलवीर सिंह के मार्गदर्शन में योग सत्र से हुई। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की तकनीकों का अभ्यास कराया। श्री आशीष कुमार ने बताया कि नियमित योगाभ्यास मानसिक तनाव को कम कर, शरीर को लचीला और स्वस्थ बनाता है।
इस आयोजन का उद्देश्य केवल योगाभ्यास तक सीमित नहीं था, बल्कि लोगों में प्रकृति और स्वास्थ्य के बीच संतुलन की भावना को भी बढ़ावा देना था। इसी क्रम में नीम और आम के पौधों का वृक्षारोपण किया गया।
स्टेंटोरियन फाउंडेशन के राष्ट्रीय समन्वयक श्री आकाश कुमार ने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग एक सम्पूर्ण जीवनशैली है जो तन, मन और आत्मा को संतुलित करती है। उन्होंने युवाओं से इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष श्री पारस राजौरिया ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि यह आज पूरे विश्व को आरोग्यता, अनुशासन और शांति की राह दिखा रहा है।
कार्यक्रम की एक विशेष झलक वृक्षारोपण रही, जो नगर के प्रमुख समाजसेवी श्री प्रेम शाक्य के कर-कमलों से संपन्न हुआ। संस्था के सदस्यों ने बताया कि नीम का वृक्ष औषधीय गुणों से भरपूर होने के कारण पर्यावरण को शुद्ध करता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है, जबकि आम का पेड़ समृद्धि, मिठास और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है।
संस्था का यह प्रयास योग, पर्यावरण और समाज के प्रति सामूहिक चेतना को जागृत करने का संदेश देता है। आयोजन के दौरान जिला सचिव गौरव कुमार, प्रिंस कुमार, नीरज कुमार, विवेक कुमार, प्रेमचंद्र सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजन का मूल संदेश रहा —
"स्वस्थ शरीर के लिए योग, शुद्ध पर्यावरण के लिए वृक्ष और संतुलित जीवन के लिए इन दोनों का समन्वय आवश्यक है।"
What's Your Reaction?
Like
3
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
1