कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट उड़ान को तैयार, सुरक्षा मॉक ड्रिल में दिखी मुस्तैदी
कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अब पूरी तरह उड़ान के लिए तैयार है। डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अगुवाई में मॉक ड्रिल और सुरक्षा समीक्षा की गई। वर्षों पुरानी बाधाओं को हटाकर अब संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अब उड़ान भरने की राह बिल्कुल साफ हो गई है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने मंगलवार को एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा के बाद इसे “पूरी तरह तैयार” घोषित किया। उन्होंने कहा कि सभी बुनियादी व्यवस्थाएं पूर्ण हो चुकी हैं और पूर्व में मौजूद अवरोधों को प्रशासन के सहयोग से दूर कर दिया गया है।
मॉक ड्रिल में दिखा हाई अलर्ट सुरक्षा तंत्र
डीएम की अध्यक्षता में एयरोड्रम समिति और विमान क्षेत्र पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक के बाद, एंटी-हाईजैक और आपातकालीन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से हाई रिस्पॉन्स एक्शन प्लान का सफल पूर्वाभ्यास किया गया। मकसद था किसी भी संकट की स्थिति में तेज, समन्वित और प्रभावी प्रतिक्रिया देना।
वर्षों पुरानी बाधाएं हटीं, उड़ान के लिए रास्ता साफ
एयरपोर्ट निदेशक प्राणेश कुमार राय ने बताया कि रनवे के आसपास के पेड़, टावर और बिजली के खंभों को हटा दिया गया है, जो उड़ान में अड़चन बन रहे थे। कोर्ट में लंबित कुछ मामलों पर भी तेजी से कार्रवाई जारी है। जिला प्रशासन के प्रयासों के चलते अब विमान संचालन में कोई तकनीकी या भौतिक अवरोध शेष नहीं है।
बर्ड स्ट्राइक और वन्यजीव खतरे पर नियंत्रण
सेफ्टी मैनेजर गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि रनवे और आसपास के क्षेत्र में बर्ड स्ट्राइक और वन्यजीव हस्तक्षेप रोकने के लिए खास कदम उठाए जा रहे हैं। जैविक और तकनीकी दोनों तरह के उपाय अपनाए जा रहे हैं ताकि विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
एटीसी और हाईजैक कंट्रोल रूम का निरीक्षण
डीएम तंवर ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) बिल्डिंग, एंटी-हाईजैक कंट्रोल रूम, और टर्मिनल क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कुशीनगर एयरपोर्ट से बौद्ध पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय बढ़ावा मिलेगा और यह पूर्वी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी को नया आयाम देगा।
पुलिस प्रशासन भी अलर्ट
एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि एयरपोर्ट की सुरक्षा “सर्वोच्च प्राथमिकता” है। मॉक ड्रिल जैसी कवायदों से सुरक्षा बलों की तैयारी और दक्षता में निरंतर सुधार हो रहा है।
बैठक में कौन-कौन रहा मौजूद
इस आयोजन में एसडीएम कसया आशुतोष कुमार, एयरपोर्ट निदेशक, तकनीकी अधिकारी, मेडिकल यूनिट, फायर डिपार्टमेंट, एटीसी टीम, और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0