सिद्धार्थनगर की कांशीराम आवास कॉलोनी बनी 'नरक कॉलोनी', बच्ची की मौत के बाद भी प्रशासन चुप
सिद्धार्थनगर की कांशीराम आवास कॉलोनी में गंदगी, जलभराव और बदहाल हालत से लोग परेशान। संक्रामक रोग से बच्ची की मौत के बावजूद प्रशासन की चुप्पी, व्यापार संगठन ने आंदोलन की चेतावनी दी।
सिद्धार्थनगर: जिला मुख्यालय स्थित कांशीराम आवास विकास कॉलोनी की बदहाली अब जानलेवा बनती जा रही है। जगह-जगह भरे गंदे पानी, जर्जर सड़कें, उफनती नालियों और लगातार उपेक्षा की शिकार इस कॉलोनी को अब स्थानीय लोग ‘नरक कॉलोनी’ कहने लगे हैं।
संकट की चेतावनी: संक्रामक बीमारी से 7 वर्षीय बच्ची की मौत
ब्लॉक 45, आवास संख्या 522 में रहने वाली साहिबा परवीन (7 वर्ष) की हाल ही में संक्रामक रोग (संभावित गलघोंटू) के चलते मृत्यु हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्ची की मौत कॉलोनी में फैली गंदगी और बदतर हालात का नतीजा है। इसके बावजूद प्रशासन और नगर पालिका की चुप्पी स्थानीय लोगों में आक्रोश का कारण बन रही है।
व्यापार संगठन की चेतावनी: धरना प्रदर्शन की तैयारी
व्यापार संगठन सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष अजय कसौधन ने मृतक बच्ची के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और कहा,
“अगर जल्द ही कॉलोनी की मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त नहीं की गईं, तो संगठन पूरे दमखम के साथ धरना प्रदर्शन करेगा।”
उन्होंने कॉलोनी की बदहाली को देखकर गहरी चिंता जताई और इसे “जिला मुख्यालय की सबसे उपेक्षित कॉलोनी” करार दिया।
जिम्मेदारों से सवाल पर मिला ताना
जब अजय कसौधन ने कॉलोनी की हालत के बारे में वार्ड 19 की सभासद सरिता रस्तोगी के प्रतिनिधि सतीश रस्तोगी से बातचीत की, तो उन्हें टका सा जवाब मिला –
"आप होते कौन हैं? आपको सभासद बना दें क्या?"
इस जवाब से असंतुष्ट कसौधन ने कहा कि वह कॉलोनी की स्थिति की रिपोर्ट सीधे जिलाधिकारी को सौंपेंगे।
करोड़ों की योजना बनी कबाड़खाना
2007 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती द्वारा शुरू की गई यह योजना गरीब और वंचित परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए थी। आज हालात यह हैं कि बच्चों के खेलने के लिए बना पार्क कबाड़ और सब्जी मंडी में तब्दील हो चुका है।
डीएम से मिलने का प्रयास जारी
अजय कसौधन ने बताया कि उन्होंने डीएम सिद्धार्थनगर डॉ. राजा गणपति आर. से बात करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही उनसे मिलकर जनजीवन को नरक बना चुकी इस कॉलोनी की समस्याएं उनके समक्ष रखेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0