मिशन शक्ति कार्यक्रम में गूंजे सुरक्षा और सम्मान के स्वर

मिशन शक्ति कार्यक्रम में गूंजे सुरक्षा और सम्मान के स्वर

Oct 17, 2025 - 20:03
 0  4
मिशन शक्ति कार्यक्रम में गूंजे सुरक्षा और सम्मान के स्वर

होली प्वाइंट एकेडमी में मिशन शक्ति के पांचवें चरण का शुभारंभ, अधिकारियों ने दी साइबर सुरक्षा की सीख

 भरथना: होली प्वाइंट एकेडमी, भरथना के ऑडिटोरियम हॉल में शुक्रवार को मिशन शक्ति के पांचवें फेज का शुभारंभ एक भव्य कार्यक्रम के रूप में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के निदेशक डा. प्रदीप चन्द्र पाण्डेय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्राधिकारी अतुल प्रधान, थाना प्रभारी विक्रम सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी रजनी सिंह एवं रचना चौहान उपस्थित रहीं। क्षेत्राधिकारी अतुल प्रधान ने कहा कि “मिशन शक्ति महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समानता का प्रतीक है।

समाज में बदलाव तभी संभव है जब महिलाएं आत्मनिर्भर और जागरूक बनें।” उन्होंने बच्चों को साइबर ठगी से सावधान रहने, इंटरनेट का सुरक्षित प्रयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की सलाह दी। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने कहा कि साइबर अपराध आज की सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि फेक लिंक, अज्ञात कॉल और पासवर्ड शेयरिंग से बचें तथा किसी भी प्रकार की ठगी की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।

 मिशन शक्ति प्रभारी रजनी सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मविश्वास ही युवाओं की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुविधा या उत्पीड़न की स्थिति में निडर होकर अभिभावकों व शिक्षकों से बात करें। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने मिशन शक्ति और साइबर अपराध से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया।

अंत में प्रधानाचार्य मनोज मिश्रा ने अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता और साइबर सुरक्षा का ज्ञान बच्चों को सुरक्षित नागरिक बनाने में सहायक है। कार्यक्रम का संचालन दीपक सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर अरुण मोटवानी, गौरव वर्मा, अनुराग दीक्षित, रीना शर्मा, अनुराधा पाठक, शालिनी चौहान, आनन्द तिवारी सहित स्टूडेंट गवर्निंग टीम का विशेष योगदान रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0