मां का जन्मदिन मनाकर बीबीए छात्र ने की आत्महत्या, लिखा "आई एम सॉरी पापा"
लखनऊ के गोमतीनगर में 19 वर्षीय बीबीए छात्र वासुदेव मलिक ने आत्महत्या कर ली। कुछ घंटे पहले ही उसने मां का जन्मदिन मनाया था। सुसाइड नोट में लिखा – “आई एम सॉरी पापा।”
लखनऊ – गोमतीनगर के पत्रकारपुरम क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 19 वर्षीय बीबीए छात्र वासुदेव मलिक ने सोमवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ घंटे पहले ही उसने हंसते हुए अपनी मां का जन्मदिन मनाया, केक काटा और तस्वीरें भी लीं।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें केवल एक पंक्ति लिखी है – "आई एम सॉरी पापा।"
सामान्य लग रहा था, लेकिन भीतर से टूट चुका था
वासुदेव मलिक एक निजी विश्वविद्यालय में बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र था और माता-पिता के साथ पत्रकारपुरम में रहता था। उसके पिता चंदन मलिक रायबरेली रोड पर अन्नपूर्णा स्पोर्ट्स एकेडमी चलाते हैं, जबकि मां दीप्ति गृहिणी हैं।
परिजनों के अनुसार, कुछ समय पहले वासुदेव की सर्जरी हुई थी, जिसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। धीरे-धीरे वह डिप्रेशन में चला गया और खुद को सबसे अलग कर लिया। हालांकि परिवार को अंदाजा नहीं था कि उसकी हालत इतनी गंभीर हो चुकी है।
जन्मदिन की पार्टी के बाद घटा हादसा
रविवार आधी रात उसने अपनी मां के जन्मदिन पर खुद केक लाकर सेलिब्रेशन किया। सब कुछ सामान्य था, किसी को कोई शक नहीं हुआ। लेकिन सोमवार देर शाम जब माता-पिता घर लौटे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा तोड़ने पर वासुदेव पंखे से लटका मिला।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल परिजनों ने किसी पर कोई संदेह या आरोप नहीं जताया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0