महाकुंभ हादसा: मौतों के आंकड़े पर बड़ा खुलासा, सरकार पर लगा सच छुपाने का आरोप
महाकुंभ मेले में 29 जनवरी को हुई भगदड़ में 82 मौतों का दावा, सरकार ने बताए सिर्फ 37 मृतक। अखिलेश यादव ने उठाए 8 सवाल, कांग्रेस ने भी पूछा- मुआवज़ा कैश में क्यों?
प्रयागराज | रिपोर्ट- मौनी अमावस्या के दिन 29 जनवरी 2025 को प्रयागराज में महाकुंभ मेले के दौरान हुई भगदड़ को लेकर एक मीडिया रिपोर्ट ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस हादसे में सरकार द्वारा घोषित 37 के बजाय कम से कम 82 लोगों की मौत हुई थी।
यह खुलासा सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रिपोर्ट साझा कर योगी सरकार पर आंकड़े छुपाने और विधानसभा में झूठ बोलने का आरोप लगाया है। अखिलेश ने पूछा कि मुआवज़ा नकद में क्यों दिया गया और उसका स्रोत क्या था?
उन्होंने सरकार से 8 तीखे सवाल किए, जिनमें पूछा गया कि नकदी कहां से आई, वितरण का आदेश किसने दिया, और किस आधार पर मौत के कारणों को बदलवाया गया। अखिलेश ने इसे "आंकड़ों को छुपाने से बड़ा, संवैधानिक सच्चाई को दबाने का प्रयास" बताया।
कांग्रेस की प्रतिक्रिया:
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी रिपोर्ट को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि 26 मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये कैश में देकर सरकारी रिकॉर्ड में शामिल नहीं किया गया और परिवारों से जबरन लिखवाया गया कि मौत बीमारी से हुई थी।
बीबीसी रिपोर्ट के अनुसार—100 से अधिक पीड़ित परिवारों से संपर्क किया गया, जिनमें से कई को न कोई सहायता मिली, न ही सरकारी दस्तावेज़ों में उनका जिक्र है। इससे मुआवज़े के वितरण की पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0