मेघालय हत्याकांड: मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी शिलॉन्ग पहुंची, आज कोर्ट में पेशी संभव
राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को शिलॉन्ग लाया गया। मेडिकल जांच के बाद आज कोर्ट में पेशी तय। चार अन्य आरोपी भी पुलिस हिरासत में।
शिलॉन्ग/गुवाहाटी – चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मंगलवार को गुवाहाटी एयरपोर्ट से शिलॉन्ग लाया गया। सुरक्षा घेरे में लाए जाने के बाद उसे पहले सदर थाने और फिर गणेश अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, सभी औपचारिकताओं के बाद आज उसे अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उसकी न्यायिक हिरासत की मांग करेगी।
अन्य चार आरोपी भी शिलॉन्ग लाए गए
इसी मामले में आरोपी राज कुशवाहा, विशाल उर्फ विक्की, आनंद और आकाश को भी मंगलवार रात इंदौर से दिल्ली होते हुए गुवाहाटी और फिर शिलॉन्ग लाया गया। सभी की मेडिकल जांच की गई है और अब कोर्ट में पेशी की प्रक्रिया जारी है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्य साजिशकर्ता माने जा रहे राज कुशवाहा और सोनम रघुवंशी को एक ही थाने में रखा गया है, जिससे दोनों का आमना-सामना संभव है।
हत्या के बाद फरार रही सोनम, फिर गाज़ीपुर में किया सरेंडर
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के तुरंत बाद सोनम इंदौर लौट गई थी, जहां वह तीन दिन तक देवास नाका इलाके में एक फ्लैट में छिपी रही। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश के गाज़ीपुर पहुंची और नंदगंज थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। ट्रैकिंग के जरिए पुलिस ने उसकी गतिविधियों का पूरा रूट खंगाला।
क्या है पूरा मामला?
राजा रघुवंशी और सोनम की शादी इसी वर्ष 11 मई को इंदौर में हुई थी। दोनों हनीमून के लिए मेघालय के नोंग्रियाट गांव गए थे, जहां से 23 मई को दोनों लापता हो गए। 2 जून को राजा का शव जंगल में मिला, जिसके सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया था।
पुलिस की जांच के अनुसार, सोनम ने राज कुशवाहा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची, और राज ने अपने तीन सहयोगियों को हत्या के लिए मेघालय भेजा। एक स्थानीय गाइड ने भी इन तीन अजनबियों की पहचान की है।
परिवारों के बयान और जांच जारी
राजा की मां ने सवाल उठाया कि “अगर सोनम को किसी और से प्यार था, तो मेरे बेटे से शादी क्यों की?” वहीं, राज कुशवाहा के परिवार ने उसे निर्दोष बताते हुए कहा कि सोनम और राज का रिश्ता सिर्फ मालिक-कर्मचारी जैसा था।
इस बीच इंदौर पुलिस ने आरोपी विशाल चौहान के घर से हत्या के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस अब सभी आरोपियों की न्यायिक हिरासत की मांग करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0