गोंडा में BJP नेता का वीडियो वायरल, महिला ने किया बचाव
गोंडा में बीजेपी जिलाध्यक्ष अमर किशोर का वीडियो वायरल, महिला कार्यकर्ता ने बताया राजनीतिक षड्यंत्र, कहा- नेता मेरे लिए पिता तुल्य हैं।

गोंडा, उत्तर प्रदेश: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गोंडा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप एक वायरल वीडियो को लेकर विवादों में घिर गए हैं। वीडियो में उनके साथ एक महिला कार्यकर्ता नजर आ रही हैं, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि अब वीडियो में नजर आई महिला खुद सामने आकर इस पूरे मामले को "राजनीतिक षड्यंत्र" और "झूठा प्रोपेगैंडा" बताया है।
क्या है पूरा मामला?
12 अप्रैल की रात लखनऊ से गोंडा लौटते समय महिला कार्यकर्ता की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्होंने मदद के लिए जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को फोन किया, जिन्होंने उन्हें रेलवे स्टेशन से रिसीव किया और पार्टी कार्यालय ले गए। वायरल वीडियो इसी दौरान का बताया जा रहा है।
महिला का कहना है,
“मैं सीढ़ियों से गिरने वाली थी, उन्होंने मुझे संभाला। वो मेरे लिए पिता तुल्य हैं। मैं उन्हें साढ़े तीन साल से जानती हूं। मैं कोई बच्ची नहीं हूं जिसे कोई बहकाए।”
उन्होंने इसे पूरी तरह से झूठा और बदनाम करने वाला अभियान करार दिया है। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और कहा है कि यदि झूठे आरोप नहीं रुके, तो वह कोर्ट और महिला आयोग का दरवाजा खटखटाएंगी।
भाजपा की प्रतिक्रिया
फिलहाल भाजपा की ओर से इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि पार्टी के स्थानीय नेताओं का कहना है कि यह मामला विपक्ष की सुनियोजित साजिश हो सकता है, जिसका उद्देश्य संगठन और नेतृत्व को बदनाम करना है।
What's Your Reaction?






