औरैया: सैनिकों के सम्मान में भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

औरैया: सैनिकों के सम्मान में भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

May 17, 2025 - 13:42
May 17, 2025 - 15:10
 0  16
औरैया: सैनिकों के सम्मान में भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

औरैया। शनिवार सुबह शहर का जेसीज चौराहा देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया, जब यहां से सैनिकों के सम्मान में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। 'ऑपरेशन सिंदूर' को समर्पित इस यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। देशभक्तों ने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” और “हिंदुस्तान जिंदाबाद” के नारों से माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत जेसीज चौराहे के पास स्थित प्रसिद्ध काली माता मंदिर से हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, स्कूली छात्र, एनसीसी कैडेट्स, महिलाएं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं एमएलसी अनूप गुप्ता रहे, जिन्होंने देश की सैन्य ताकत और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर प्रकाश डाला।

अनूप गुप्ता ने कहा, “भारत अब वह शक्ति बन चुका है जो किसी के आगे झुकेगा नहीं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब हमारी सेना ने पाकिस्तान में घुसकर 20 ठिकानों को तबाह कर दिया। भारत अब आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।” उन्होंने कहा कि भारतीय सेना पाकिस्तान की किसी भी न्यूक्लियर धमकी का माकूल जवाब देने में सक्षम है।

राज्यसभा सचेतक गीता शाक्य ने भी सेना की कार्रवाई की सराहना की और कहा कि देश अब आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हो चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा लिए गए निर्णय को ऐतिहासिक और साहसिक बताया। वहीं अब्दुल हाफिज सत्तार ने कहा कि आतंकी ठिकानों को नष्ट करना वीर सैनिकों का साहसिक कदम था, जो पूरे देश को गौरवान्वित करता है।

यात्रा के दौरान पूर्व सांसद रामशंकर कठेरिया, विधायक गुड़िया कठेरिया, जिला अध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, जिला प्रभारी आनंद सिंह, पूर्व विधायक लखन सिंह राजपूत, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता, एडवोकेट शिवम शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन अवधेश भदौरिया और विशाल शुक्ला ने किया, जिन्होंने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीओ सिटी अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ।

यह तिरंगा यात्रा न केवल देशभक्ति की भावना को बल देने वाली रही, बल्कि यह भी दिखाया कि भारत का हर नागरिक सैनिकों के सम्मान में एकजुट है।

रिपोर्ट- दीपांशु सावरन 

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 1