औरैया में संभावित बिजली हड़ताल से निपटने के लिए डीएम ने बनाई ठोस कार्य योजना

औरैया में 29 मई से प्रस्तावित बिजली हड़ताल को देखते हुए डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने अधिकारियों संग बैठक कर आवश्यक सेवाओं में निरंतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कंट्रोल रूम नंबर भी जारी।

May 27, 2025 - 21:22
May 27, 2025 - 21:23
 0  18
औरैया में संभावित बिजली हड़ताल से निपटने के लिए डीएम ने बनाई ठोस कार्य योजना

औरैया: विद्युत विभाग की प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में डीएम ने यह स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी आवश्यक सेवाएं—विशेषकर अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र आदि—हर हाल में प्रभावित नहीं होने चाहिए।

डीएम ने एनटीपीसी, गेल और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से प्रशिक्षित विद्युत तकनीशियनों की सूची तत्काल तैयार कर मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर आपूर्ति व्यवस्था को संभाला जा सके। सभी विभागाध्यक्षों को अपने संस्थानों में जनरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

बैठक में नामित कार्यदायी संस्था बीसीएल के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की और अधीक्षण अभियंता (विद्युत) संतोष कुमार को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि फील्ड में कार्यरत लाइनमैनों को समय से जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

डीएम ने जानकारी दी कि हड़ताल की स्थिति में विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। नागरिक किसी भी समस्या की स्थिति में 05683-249660 या 05683-249588 पर संपर्क कर सकते हैं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) महेन्द्र पाल सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार सहित विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 रिपोर्ट - दीपांशु सावरन 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0