आईजीआरएस पोर्टल पर निस्तारण की धीमी रफ्तार पर डीएम ने जताई नाराजगी।
आईजीआरएस पोर्टल पर निस्तारण की धीमी रफ्तार पर डीएम ने जताई नाराजगी।

आईजीआरएस पोर्टल पर निस्तारण की धीमी रफ्तार पर डीएम ने जताई नाराजगी.
भरथना तहसील में आयोजित समाधान दिवस में कुल 65 शिकायतें दर्ज हुईं.
जिनमें से सिर्फ 3 का मौके पर निस्तारण हो सका.
अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान के सख्त निर्देश दिए.
भरथना (इटावा): आईजीआरएस (जनसुनवाई पोर्टल) के निस्तारण में सबसे पीछे रहने पर जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने शनिवार को भरथना तहसील में आयोजित समाधान दिवस में सख्ती दिखाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्राप्त प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम पहले प्रार्थना पत्रों का गहराई से अवलोकन करे, फिर मौके पर जाकर जमीनी जांच के आधार पर निस्तारण करे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फीडिंग में लापरवाही अथवा निस्तारण में गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं उपजिलाधिकारी को स्वयं मौके पर जाकर समस्याओं का स्थायी समाधान कराना चाहिए। समाधान दिवस में कई ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं,
जिनमें प्रमुख रूप से निम्न शिकायते रहीं:
ग्राम साम्हो के प्रधान बृजेंद्र बाबू दिवाकर ने मल्होसी नहर पुल पर स्वीकृत हाई मास्ट लाइट के लिए विद्युत विभाग द्वारा केबल न डालने की शिकायत की।
पूर्व मंडल अध्यक्ष हरिओम दुबे ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत अधूरे कार्यों को पूर्ण कराने की मांग की।
ग्राम पालीखुर्द की रीना देवी ने भूमि की पैमाइश की गुहार लगाई।
ग्राम कंधेशी के नागरिकों ने 1988 में बनी जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की।
सभासद नूरबानो (वार्ड 24) ने 2022 में नाले निर्माण के टेंडर की जांच की मांग की।
ग्राम हाजीपुर के राजीव सिंह ने 35 साल से सरकारी चकरोड भूमि पर अवैध कब्जे को हटवाने की मांग की।
ग्राम जारपुरा के वेद प्रकाश ने 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के नीचे झूलते तारों से दुर्घटना की आशंका जताई।
ग्राम निवाड़ी खुर्द की अफसाना ने राशन डीलर द्वारा अंगूठा लगवाकर राशन न दिए जाने की शिकायत की।
ग्राम असफपुरा की प्रियंका और विवेक ने भी राशन डीलर के खिलाफ शिकायती पत्र सौंपे।
समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी सुशांत श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी अतुल प्रधान, तहसीलदार राजकुमार सिंह,थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह,तथा थाना बकेवर के प्रभारी भूपेंद्र सिंह राठी सहित समस्त विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?






