MVVNL का आदेश: 30 जून के बाद खत्म होंगी संविदा कर्मचारियों की सेवाएं
MVVNL ने संविदा कर्मचारियों, कंप्यूटर ऑपरेटरों और सिक्योरिटी गार्डों की सेवाएं 30 जून 2025 तक समाप्त करने का आदेश दिया है। नई भर्ती अब केंद्रीय टेंडर प्रक्रिया के तहत होगी।
लखनऊ: मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) ने आउटसोर्स आधार पर कार्यरत संविदा कर्मचारियों, कंप्यूटर ऑपरेटरों और सुरक्षा गार्डों की सेवाएं 30 जून 2025 के बाद समाप्त करने का आदेश जारी किया है। यानी 1 जुलाई से इन कर्मचारियों को कोई वेतन नहीं मिलेगा और उनकी सेवा मान्य नहीं मानी जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
इन कर्मचारियों की नियुक्ति पहले विकेन्द्रीकृत आउटसोर्सिंग अनुबंधों के तहत की गई थी, जिनकी अवधि पहले ही समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद कई जोनों में इन्हें तीन-तीन महीने की अस्थायी बढ़त देकर बनाए रखा गया था। अब MVVNL की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने सभी अनुबंध 30 जून तक "फोरक्लोज" करने का स्पष्ट आदेश दिया है। यह आदेश अयोध्या, लखनऊ, बरेली, गोंडा, रायबरेली, सीतापुर, हरदोई समेत सभी संबंधित जिलों में लागू होगा।
नई व्यवस्था: केंद्रीयकृत टेंडर से संविदा कर्मियों की नियुक्ति
निगम ने लखीमपुर की एक नई फर्म को संविदा कर्मियों की आपूर्ति हेतु टेंडर जारी किया है। अब केंद्रीयकृत व्यवस्था के तहत, सभी डिवीजन और सब-डिवीजन स्तर पर कर्मचारियों की नियुक्ति इसी फर्म के माध्यम से की जाएगी।
इस प्रक्रिया के तहत कुछ पुराने कर्मचारियों को दोबारा मौका दिया गया है, लेकिन नई सेवा शर्तें लागू की गई हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन कर्मचारियों का रिकॉर्ड विवादित या दागदार रहा है, उन्हें नियुक्त नहीं किया जाएगा।
कुछ को दोबारा नौकरी, कई अभी प्रतीक्षा में
नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू होते ही कुछ डिवीजनों में पुराने कर्मचारियों की दोबारा नियुक्ति हो चुकी है, जबकि शेष कर्मचारी जुलाई के अंत तक उम्मीद लगाए बैठे हैं। एमडी ने सभी अधीक्षण अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि वे इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें और सभी सेवा समाप्ति की रिपोर्ट मुख्यालय को भेजें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0