लखनऊ में बकरियों की चोरी का पर्दाफाश, स्विफ्ट कार से करते थे वारदात, दो गिरफ्तार
लखनऊ के मोहनलालगंज में बकरियों की चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार। कार से करते थे रेकी और पशु बाजार में बेचते थे बकरियां। जानें पूरी खबर।
लखनऊ, मोहनलालगंज: मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बकरियों की चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी और चोरी में प्रयुक्त कार बरामद की है। आरोपी एक सुनियोजित योजना के तहत गांवों में रेकी कर बकरियां चुराते और पशु बाजारों में बेच देते थे।
कैसे हुआ चोरी का पर्दाफाश
24 जून को ग्राम ललूमर और डबेरिया भरसंवा के ग्रामीणों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी चार बकरियां चोरी हो गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दो टीमों का गठन किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में पता चला कि घटनास्थलों पर एक ही सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार बार-बार देखी गई।
25 जून को सैय्यद बाबा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को रोका और पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात कबूल कर ली।
गिरफ्तार आरोपी
-
शारिक अब्बास, निवासी – गढ़ी मन्सारा, थाना असंदरा, जिला बाराबंकी (उम्र – 25 वर्ष)
-
सूरज उर्फ भोला, निवासी – ग्राम रतौली खटोला, थाना बंथरा, जिला लखनऊ (उम्र – 23 वर्ष)
बरामदगी
-
₹7,230/- नकद (बकरियों की बिक्री से अर्जित)
-
स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर: UP32TN8219) – चोरी के दौरान इस्तेमाल की गई
मोबाइल और कार से की जाती थी रेकी
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दिन में गांवों में घूमकर बकरियों की रेकी करते थे, जो बाहर बंधी होती थीं। फिर रात में कार से वापस आकर बकरियों को उठा ले जाते, और अगले दिन हैदरगढ़ (बाराबंकी) जैसे बाजारों में बेच देते थे। चोरी की गई बकरियों को इन्होंने ₹17,000 में बेचा और पैसे आपस में बांट लिए।
आपराधिक इतिहास
दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी बकरी चोरी और अन्य मामलों में लखनऊ के सरोजनीनगर, गोसाईगंज, सुशांत गोल्फ सिटी और मोहनलालगंज थानों में केस दर्ज हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इन्होंने अन्य जिलों में भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है।
फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0