रोमांच और अनुशासन के बीच सम्पन्न हुआ विक्ट्री एडवेंचर प्रोग्राम
भरथना। जयोत्री अकैडमी परिसर में मंगलवार को कक्षा 2 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘विक्ट्री एडवेंचर प्रोग्राम’ का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, एकाग्रता तथा सामाजिक कौशल का विकास करना रहा। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में रोमांच, उत्साह और अनुशासन का सुंदर समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थाना प्रभारी भरथना विक्रम सिंह रहे।
विद्यालय के निदेशक डॉ. नितिन पोरवाल व प्रधानाचार्य योगेंद्र नाथ मिश्रा ने उनका स्वागत किया। श्री सिंह ने अखंड दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के साहसिक कार्यक्रम बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल व रोमांचक गतिविधियों के माध्यम से बच्चे सहयोग, साहस और नेतृत्व जैसे गुण सीखते हैं। इस अवसर पर भरथना के पूर्व चेयरमैन एवं विद्यालय के संस्थापक मनोज पोरवाल भी मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाता है।
ऐसे कार्यक्रम बच्चों को आत्मनिर्भर, साहसी और जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:15 बजे विद्यार्थियों के समूह विभाजन व ब्रीफिंग के साथ हुई। इसके बाद सुबह 10 बजे से विभिन्न साहसिक गतिविधियां प्रारंभ हुईं, जिनका समापन दोपहर 2 बजे हुआ। विद्यार्थियों ने बाउंसी, रनिंग बंजी, स्पोर्ट्स क्लाइम्बिंग, ज़िप लाइन, कमांडो क्रॉल, टग ऑफ वॉर, आर्चरी, ट्रैम्पोलिन, डबल रोप ब्रिज, बर्मा ब्रिज, कमांडो नेट, हिप्पिटी हॉप रेस तथा रोलर ज़ॉर्ब जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के संगीत प्रशिक्षक अनुज कुमार के वादन तथा नृत्य प्रशिक्षक अदनान के गायन ने माहौल को और भी आकर्षक बना दिया। पूरा आयोजन विद्यालय के शिक्षकों एवं विक्ट्री एडवेंचर्स के प्रशिक्षकों की देखरेख में सुरक्षित रूप से संपन्न हुआ। इस आयोजन से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, साहस और आत्मविश्वास का संचार हुआ तथा विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0