भरथना में शिव बरात का भव्य आयोजन, झांकियों और नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन
भरथना में शिव बरात का भव्य आयोजन, झांकियों और नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन
इटावा:भरथना 127वें ऐतिहासिक श्रीरामलीला महोत्सव के तहत शुक्रवार को भरथना नगर शिवमय हो गया। भगवान भोलेनाथ की भव्य बरात नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
शुक्रवार दोपहर विकास खंड परिसर स्थित दुर्गा और हनुमान मंदिर में हवन-पूजन के बाद अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसके उपरांत पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिओम यादव और पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज यादव बंटी ने भगवान शंकर की आरती उतारकर शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाते हुए नगर भ्रमण के लिए रवाना किया।
रथ पर दूल्हे के रूप में विराजमान भोलेनाथ की बरात में गाजे-बाजे और बैंड की गूंज ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नगर की गलियों में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर और आरती उतारकर शोभायात्रा का स्वागत किया। बरात में इटावा, मैनपुरी और एटा से आई करीब 40 इलेक्ट्रॉनिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। मां दुर्गा, भगवान गणेश, साईं बाबा, भगवान विष्णु, राधा-कृष्ण, काली मां और प्रेम मंदिर की झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। एटा से आए काली मंडल और राधा-कृष्ण नृत्य मंडल की प्रस्तुतियों ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शंकर बारात नगर के राजागंज, मोतीगंज, तिलक रोड, जवाहर रोड, आजाद रोड, बालूगंज, मंडी समिति रोड और गिरधारीपुरा होते हुए नरसिंह मंदिर पर सम्पन्न हुई। पूरे मार्ग पर धार्मिक उल्लास और आस्था का माहौल बना रहा। बारात की सुरक्षा व्यवस्था भरथना थाना पुलिस ने संभाली।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष रोहित यादव, महामंत्री विनोद, कोषाध्यक्ष निलेश त्रिपाठी, अरविंद भदौरिया, केके यादव, ब्रजपाल सिंह जदौना, रानू यादव, विपिन यादव, सत्य प्रकाश यादव, विनोद यादव, भगवान दास, सुनील यादव, अरविंद, आनंद कुमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप पोरवाल, विनोद कुमार, रामअवतार गुप्ता, दीपक यादव, प्रधान विनोद यादव और श्रीनिवेस यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0