काम करते समय बिजली मिस्त्री हुआ अचेत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
काम करते समय बिजली मिस्त्री हुआ अचेत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
भरथना (इटावा)। कस्बा भरथना में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बिजली का कार्य कर रहे एक मिस्त्री की अचानक हृदयघात से मौत हो गई। मृतक की पहचान भरथना कस्बे के मोहल्ला मोतीगंज निवासी रवि कुमार (उम्र लगभग 43 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पिछले कई वर्षों से बिजली फिटिंग का कार्य करते थे।
घटना नेविलगंज मोहल्ले की एक दुकान पर हुई, जहां रवि कुमार दुकान में बिजली सम्बंधी कोई कार्य कर रहे थे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काम करते समय अचानक वह अचेत होकर ज़मीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद उनके साले राजीव कुमार और दुकान के संचालक ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए पास के एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर देख उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भरथना लाया गया, जहां डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पुत्र सचिन ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से जनपद कन्नौज का निवासी है, लेकिन कई वर्षों से भरथना के मोहल्ला मोतीगंज में रहकर जीविकोपार्जन कर रहा है। उनके पिता रवि कुमार मेहनती और जिम्मेदार व्यक्ति थे, जो रोज़ की तरह बुधवार को भी काम के लिए निकले थे। परिवार को उम्मीद भी नहीं थी कि यह उनका आखिरी दिन होगा।
घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर क्राइम अरिमर्दन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट रूप से बताया जा सकेगा, हालांकि प्रारंभिक जांच में दिल का दौरा (हृदयघात) ही मुख्य कारण माना जा रहा है।
इस असामयिक मृत्यु से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है। पड़ोसी और जानने वाले लोग रवि कुमार को मेहनतकश और मिलनसार व्यक्ति के रूप में याद कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
1
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
1
Wow
0