औरैया में भगवान जगन्नाथ की भव्य शोभायात्रा, डीएम और एसपी ने की पूजा
औरैया में एक विचित्र पहल सेवा समिति द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा की शुरुआत फूलमती मंदिर से हुई जिसे डीएम व एसपी ने रवाना किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा और भंडारे का आयोजन किया गया।
औरैया: एक विचित्र पहल सेवा समिति द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी श्री जगन्नाथ जी की भव्य शोभायात्रा का आयोजन धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के वातावरण में किया गया। यात्रा की शुरुआत शहर के प्रमुख फूलमती मंदिर से हुई। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। दोनों अधिकारियों ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष आनंद नाथ गुप्ता ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत करते हुए पटका पहनाया, चंदन तिलक लगाया और प्रतीक चिन्ह भेंट किया। शोभायात्रा का मार्ग फूलमती मंदिर से सुभाष चौराहा, संजय गेट, लेडीज़ मार्केट होते हुए पुनः फूलमती मंदिर तक निर्धारित किया गया था।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की और विभिन्न स्थानों पर भंडारे का आयोजन कर यात्रियों का स्वागत किया। भगवान जगन्नाथ के रथ को देखने और उनकी एक झलक पाने के लिए शहरवासियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे शहर में “जय जगन्नाथ” के जयकारों की गूंज सुनाई दी।
इस आयोजन में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक मनोज अवस्थी, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता, सदर एसडीएम राकेश कुमार, सीओ सिटी अशोक कुमार, सदर कोतवाल राजकुमार सिंह, समिति के पदाधिकारी, नगरवासी और बड़ी संख्या में पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे जिससे आयोजन शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0