अंबरनाथ नगर परिषद: कांग्रेस के 12 पार्षद भाजपा में शामिल, AVA गठबंधन पर हाईकमान सख्त
अंबरनाथ नगर परिषद में बड़ा सियासी उलटफेर। निलंबन के बाद कांग्रेस के 12 पार्षद भाजपा में शामिल, AVA गठबंधन पर पार्टी नेतृत्व की सख्ती।
महाराष्ट्र के अंबरनाथ में नगर परिषद को लेकर चल रही सियासी खींचतान का पटाक्षेप कांग्रेस के सामूहिक दलबदल के साथ हो गया। भाजपा के साथ कथित तालमेल के आरोप में निलंबित किए गए कांग्रेस के सभी 12 पार्षदों ने बुधवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने इन पार्षदों का पार्टी में स्वागत करते हुए इसे “विकास की राजनीति की जीत” बताया।
त्रिशंकु जनादेश से सियासी प्रयोग तक
60 सदस्यीय अंबरनाथ नगर परिषद में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। चुनाव परिणाम इस प्रकार रहे—
-
शिवसेना: 27 सीटें
-
भाजपा: 14 सीटें
-
कांग्रेस: 12 सीटें
-
एनसीपी (अजीत पवार गुट): 4 सीटें
-
निर्दलीय: 2 सीटें
चुनाव नतीजों के बाद सियासी हलचल तब तेज हो गई जब परंपरागत प्रतिद्वंद्वी भाजपा, कांग्रेस और एनसीपी ने मिलकर अंबरनाथ विकास अघाड़ी (AVA) का गठन किया। इस गठबंधन ने 32 सदस्यों के समर्थन से बहुमत का आंकड़ा पार कर शिवसेना को सत्ता से बाहर कर दिया।
कांग्रेस नेतृत्व की कार्रवाई, फिर दलबदल
भाजपा के साथ इस गठबंधन को कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व ने पार्टी विचारधारा के खिलाफ मानते हुए सख्त रुख अपनाया। बुधवार को ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप पाटिल समेत सभी 12 पार्षदों को निलंबित कर दिया गया और पूरी ब्लॉक इकाई भंग कर दी गई। हालांकि, कार्रवाई के कुछ ही घंटों बाद इन सभी पार्षदों ने भाजपा की सदस्यता ले ली।
भाजपा में शामिल हुए ये पार्षद
भाजपा में शामिल होने वालों में प्रदीप नाना पाटील, दर्शना उमेश पाटील, अर्चना चरण पाटील, हर्षदा पंकज पाटील, तेजस्विनी मिलिंद पाटील, विपुल प्रदीप पाटील, मनीष म्हात्रे, धनलक्ष्मी जयशंकर, संजवणी राहुल देवडे, दिनेश गायकवाड, किरण बद्रीनाथ राठोड और कबीर नरेश गायकवाड शामिल हैं।
फडणवीस की सख्ती: बिना अनुमति गठबंधन नहीं
हालांकि अंबरनाथ में भाजपा को संख्यात्मक लाभ मिला है, लेकिन पार्टी नेतृत्व इस तरह के “बेमेल” गठबंधनों को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस या AIMIM के साथ बिना अनुमति किया गया कोई भी गठबंधन स्वीकार्य नहीं होगा।
इसी कड़ी में अकोट नगर परिषद में AIMIM के साथ गठबंधन करने पर भाजपा विधायक प्रकाश भरसखाले को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0