भरथना: होली पॉइंट एकेडमी में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह
भरथना -इटावा। स्थित होली पॉइंट एकेडमी के प्रांगण में 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, देशभक्ति और सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया गया। विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति से विद्यालय परिसर उत्सवमय वातावरण में सराबोर रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात चिकित्सक डॉ. योगेन्द्र दुबे रहे। विशिष्ट अतिथियों में पेरामाउंट हायर सेकेंडरी स्कूल की प्रबंधक नीरजा पाण्डेय, प्रधानाचार्या प्रतिभा त्रिपाठी तथा लायंस क्लब राधे-राधे के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि के आगमन के पश्चात ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती पूजन के उपरांत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नन्हे बच्चों के स्वागत नृत्य ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया।
विद्यालय के निदेशक डॉ. प्रदीप चन्द्र पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धियाँ नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम पर विशेष बल दिया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आरंभ हुई। छात्रा श्रुति द्वारा बॉलीवुड मिक्स एकल नृत्य, पीजी व एलकेजी के बच्चों का “जिंदगी एक सफर है सुहाना” पर नृत्य, यूकेजी के विद्यार्थियों का समूह नृत्य विशेष आकर्षण रहा।
अमित श्रीवास्तव का प्रेरणादायक संबोधन भी सराहनीय रहा। छात्रा आरोही एवं समूह द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित नाट्य प्रस्तुति, छात्र ऋषभ का पियानो वादन, छात्रा खुशी का “ऐ देश मेरे” पर नृत्य, श्रेया शर्मा एवं समूह की विद्यालय जीवन पर आधारित स्किट ने खूब तालियाँ बटोरीं। छात्रा माही द्वारा “वतन याद रहेगा” पर प्रस्तुत नृत्य ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। कार्यक्रम में गरबा मिक्स, शिक्षक-समर्पित समूह नृत्य “तू जो मिला”, अंग्रेजी, हरियाणवी, पहाड़ी, सांबळपुरी (ओडिशा लोकनृत्य), पंजाबी गिद्धा और दक्षिण भारतीय मिक्स नृत्य जैसी रंगारंग प्रस्तुतियाँ दी गईं। विशेष आकर्षण के रूप में “ऑपरेशन सिंदूर” विषय पर आधारित नृत्य ने सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। अंत में भगवान श्रीराम की झांकी एवं दक्षिण भारतीय नृत्य शैली में श्रद्धांजलि ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। मुख्य अतिथि डॉ. योगेन्द्र दुबे ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व और मंचीय कौशल विकसित होता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज मिश्रा ने कहा कि होली पॉइंट एकेडमी शिक्षा के साथ संस्कारों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मंच संचालन दीपक सिंह चौहान ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अरुण मोटवानी, दीपक सिंह चौहान, अनुराग दीक्षित, हिमांशु सिंह, आनंद तिवारी, रिया विश्नोई, अनिकेत चतुर्वेदी, अजय यादव सहित अन्य का विशेष योगदान रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0