केंद्र को 2.68 लाख करोड़ रुपये देगा रिजर्व बैंक
भारतीय रिजर्व बैंक ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए केंद्र सरकार को ₹2.68 लाख करोड़ अधिशेष हस्तांतरित करने की मंजूरी दी। यह RBI द्वारा अब तक का सबसे बड़ा लाभांश है, जिससे सरकारी वित्त को मजबूती मिलेगी।

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए केंद्र सरकार को 2 लाख 68 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अधिशेष राशि हस्तांतरित करने की मंजूरी दी है। यह अब तक का सबसे बड़ा लाभांश हस्तांतरण है, जिसका उद्देश्य देश की आर्थिक स्थिरता को समर्थन देना और सरकारी वित्त को सशक्त बनाना है।
यह महत्वपूर्ण निर्णय मुंबई में आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में लिया गया। बैठक में न केवल अधिशेष हस्तांतरण को मंजूरी दी गई, बल्कि वर्ष 2024-25 के लिए केंद्रीय बैंक की वार्षिक रिपोर्ट और वित्तीय विवरणों की भी स्वीकृति दी गई।
बोर्ड ने इस दौरान घरेलू और वैश्विक आर्थिक परिदृश्य की व्यापक समीक्षा की, जिसमें मुद्रास्फीति, ब्याज दरें और वैश्विक अनिश्चितताएं शामिल थीं।
सरकार को मिलने वाली यह अधिशेष राशि आर्थिक सुधार कार्यक्रमों, पूंजी व्यय और राजकोषीय घाटे को नियंत्रित करने में मददगार मानी जा रही है।
What's Your Reaction?






